प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-05-07 News
झाँसी । बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनपद में बिजली एवं पानी की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया और इसकी निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित एवं निर्बाध रखी जाए, ताकि किसानों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही जर्जर तारों को तत्काल बदले जाने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के निर्देश भी दिए गए। गौरांग राठी ने मंत्री को अवगत कराया कि शहर क्षेत्र में नया ट्रांसमिशन निर्माणाधीन है तथा लाइन डाली जा रही है। कार्य पूर्ण होते ही शहर की विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है वहां टैंकर के माध्यम से जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों की खुदाई के बाद शीघ्र रीस्टोरेशन कराने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों का फोटोग्राफ लेकर उन्हें शीघ्र आवागमन योग्य बनाया जाएगा। आईसीडीएस एवं पोषण अभियान की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जनपद में चिन्हित 5533 सैम एवं मैम बच्चों में से 5231 बच्चों के स्वास्थ्य सुधार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक में कम प्रवेश संख्या पर चिंता जताते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं फैशन डिजाइनिंग जैसे पाठ्यक्रमों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5,11,412 गोल्डन कार्ड बनाए जाने और 96,367 लाभार्थियों के उपचार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर उपचार कराने की सराहना की। बैठक में जवाहर लाल राजपूत ने निर्माणाधीन सड़कों एवं जल जीवन मिशन के कारण क्षतिग्रस्त मार्गों को शीघ्र ठीक कराने का सुझाव दिया। वहीं रश्मि आर्या ने मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग रखी। समीक्षा बैठक का संचालन जिलाधिकारी गौरांग राठी ने किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जनपद में 13,347 आवासों का निर्माण किया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने हेतु पंचायत भूमि पर मॉल निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 15 महिला लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं टूलकिट वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बैठक में पवन कुमार गौतम, प्रदीप कुमार पटेल, बीबीजीटीएस मूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।