
विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का प्राथमिकता से स्वतः संज्ञान लें विभागीय अधिकारी सदर विधायक
झाँसी । बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता एवं रवि शर्मा की उपस्थिति में जनपद के नगरीय क्षेत्रों में गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा ने विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र पर संबंधित अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए जाएं ताकि आम जनता अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सके। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की विद्युत लाइनों को पृथक किए जाने पर भी जोर दिया, जिससे आपूर्ति व्यवस्था और बेहतर हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि विधायक निधि से स्वीकृत विद्युत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा आंधी और खराब मौसम के दौरान बाधित होने वाली बिजली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने विद्युत लाइनों के आसपास लगे पेड़ों की समय से कटाई-छंटाई एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों के तत्काल प्रतिस्थापन के भी निर्देश दिए। समाचार पत्रों में प्रकाशित विद्युत समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर अवगत कराया जाए। बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत के.पी. खान ने जानकारी दी कि झांसी नगर क्षेत्र में 16 उपकेंद्रों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। जेल चौराहा उपकेंद्र पर 10 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर 3 मई 2026 को ऊर्जीकृत किया गया है। इसके अलावा 132 केवी हंसारी डबल सर्किट लाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे मई माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि गल्ला मंडी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए बरुआसागर ग्रामीण उपकेंद्र को अलग किया जा रहा है। वहीं नंदनपुरा क्षेत्र की बेहतर आपूर्ति हेतु अठौंदना उपकेंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसे एक सप्ताह के भीतर चालू किया जाएगा। मेडिकल क्षेत्र में स्थापित क्षमता 30 एमवीए से बढ़ाकर 40 एमवीए की जा रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होगी। मुख्य अभियंता ने बताया कि ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए वर्ष 2024-25 में 30 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि एवं 17 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए। वर्ष 2025-26 में भी 29 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि तथा 17 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में 55 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि एवं 131 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि झांसी महानगर की बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नए 132 केवी विद्युत पारेषण उपकेंद्र की स्थापना को शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिस पर अग्रिम कार्यवाही जारी है। नगरा उपकेंद्र की क्षमता 20 एमवीए से बढ़ाकर 25 एमवीए करने की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। बैठक में अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत पुष्कर सिंह, अधिशाषी अभियंता रवीन्द्र कुमार, मनोज कुमार, अनमोल डोंगरे सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।