झांसी में नाली विवाद बना खूनी संघर्ष कुल्हाड़ी से हमला, अस्पताल गेट पर भी भिड़े दोनों पक्ष

झांसी में नाली विवाद बना खूनी संघर्ष कुल्हाड़ी से हमला, अस्पताल गेट पर भी भिड़े दोनों पक्ष

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-05-05 News
झाँसी । झांसी के थाना रक्सा क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी बस्ती में एक मामूली नाली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच नाली को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था, लेकिन आज यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इतना ही नहीं, इस झगड़े में महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर भी दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ। मिनर्वा चौकी, जो अस्पताल गेट के पास ही स्थित है, उसके ठीक बगल में यह विवाद दोबारा भड़क उठा, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।