झांसी में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह संपन्न, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

झांसी में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह संपन्न, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-04-24 News
झांसी। महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आज वंदना सभा के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों—प्रबंधक वीरेन कुमार साहू, उप-प्रबंधक साधना वाजपेई, उपाध्यक्ष दिनेश पाठक, कोषाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, महानगर सह-संघचालक जयसिंह सेंगर एवं सदस्या प्रीति करण द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया। वंदना के पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य बृज किशोर सिंह चौहान ने अतिथियों का परिचय कराया। बहन मोहिनी यादव ने अतिथियों का मंगल तिलक कर स्वागत किया तथा सभी अतिथियों का बैच अलंकरण कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के परीक्षा प्रमुख राकेश मिश्रा ने परीक्षा परिणाम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि हाई स्कूल का परीक्षाफल 100 प्रतिशत रहा। इसमें बहन अमृता राजपूत ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। कृष्णा यादव द्वितीय, दीपांशु रायकवार तृतीय, प्रिया प्रजापति चतुर्थ तथा मुस्कान गौतम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट वर्ग में योगेश राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमित कुमार शर्मा एवं केशव झा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। साहिल रैकवार तृतीय तथा मयंक वर्मा चतुर्थ स्थान पर रहे। इस अवसर पर हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में आचार्य लाखन सिंह सेंगर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य बंधु, आचार्या बहनें एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।