
जयहिंद इंटर कॉलेज की छात्रा ने 456 अंक लाकर बढ़ाया मान
गरौठा। नगर के जयहिंद इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा छवि पटेल ने इंटरमीडियट बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे नगर में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि छवि पटेल ने 500 में से 456 अंक अर्जित कर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रा की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रधानाचार्य ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध है और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का निरंतर प्रयास करता रहेगा। छात्रा छवि पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय के सकारात्मक वातावरण को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छवि ने अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वह चिकित्सा क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें और समाज में स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान दे सकें। विद्यालय प्रबंधक मित्रेश सारस्वत ने भी छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा के साथ-साथ शिक्षकों की मेहनत का भी परिणाम है। उन्होंने समस्त अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि इसी प्रकार विद्यालय आगे भी उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खुशी जाहिर करते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा और छात्रा का उत्साहवर्धन किया गया।