
राष्ट्रीय सहकारिता नीति 2025 की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक शुरुआत
विज्ञान भवन में ‘राष्ट्रीय सहकारिता नीति 2025 के क्रियान्वयन की रूपरेखा एवं आगामी रणनीति पर राष्ट्रीय सम्मेलन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्घाटन माननीय केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, चुनौतियों के समाधान और भविष्य की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श करना है। कार्यक्रम में देशभर से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और हितधारकों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र के दौरान सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी, Economic Advisory Council to the Prime Minister (EAC-PM) के अध्यक्ष प्रो. एस. महेंद्र देव, Reserve Bank of India (RBI) के केंद्रीय बोर्ड के निदेशक सतीश मराठे सहित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के विशिष्ट अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया और सहकारिता क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता एवं तकनीकी सुदृढ़ता को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। यह सम्मेलन न केवल राष्ट्रीय सहकारिता नीति 2025 के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा, गति और दिशा प्रदान करते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी सुदृढ़ करेगा।