गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त, सभी व्यवस्थाएं समय से कराएं सुनिश्चित:- सीडीओ

गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त, सभी व्यवस्थाएं समय से कराएं सुनिश्चित:- सीडीओ

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-03-28 News
झाँसी । मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने बताया कि जनपद में समर्थन मूल्य के अंतर्गत गेहूं की खरीद प्रारंभ हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को पंजीकरण कराने का आह्वान किया। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585/- प्रति क्विंटल के आधार पर गेहूं खरीदा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दी कि बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष 66 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। मंडी सचिवों को निर्देश दिए गए कि क्रय केंद्र मुख्य द्वार या किसानों की सीधी आवक वाले स्थान पर स्थापित किए जाएं। केंद्र तक मार्ग का सटीक चिन्हांकन और पथ प्रदर्शक चिन्ह लगवाया जाए और मंडी के गेट पर बड़ा बैनर लगाया जाए, जिसमें सभी सूचनाएँ स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हों। किसानों को पंजीकरण के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल (fcs.up.gov.in), जनसुविधा केंद्र या साइबर कैफे का उपयोग करने की अपील की गई। पंजीकरण में खतौनी खाता संख्या, कुल रकबा, बोए गए गेहूं का रकबा और संयुक्त भूमि में हिस्सेदारी सही दर्ज करने पर जोर दिया गया। सभी क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन, छलना और सुरक्षित भंडारण की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। खरीदी प्रक्रिया में बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा और भुगतान आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। उन्होंने मंडल प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम को पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने और मंडी सचिवों को व्यापारियों द्वारा रखे गए सामान को हटवाकर केंद्रों के लिए जगह बनाने का निर्देश दिया। किसानों से अपील की गई कि वे अपने आधार विवरण सही कराएँ, और बिक्री के समय स्वयं उपस्थित न होने पर परिवार के नामित सदस्य का विवरण पंजीकरण प्रपत्र में दर्ज कराएँ। किसी भी समस्या की स्थिति में किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम (फोन: 05104063090) से संपर्क कर सकते हैं। अनियमितता की दशा में कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल, एआर कोऑपरेटिव कृष्ण कुमार, जिला प्रबंधक पीसीएफ धनंजय तिवारी, प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम अजीत कुमार, जिला प्रभारी पीसीयू दीपक अग्निहोत्री, मंडी सचिव बबलू लाल, घनश्याम नामदेव, संजीव कुमार, आशीष बाजपेयी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।