
विश्व गौरैया दिवस पर झांसी में जागरूकता रैली, 200 घोंसले वितरित
झांसी। “विश्व गौरैया दिवस-2026” के अवसर पर झांसी वन प्रभाग, झांसी रेंज अंतर्गत वन विभाग कार्यालय परिसर में गौरैया संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. जैन ने की, जबकि उप प्रभागीय वनाधिकारी मऊरानीपुर संतोष कुमार की सहभागिता में गौरैया बचाओ अभियान टीम के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली वन विभाग मुख्यालय से एलाइट चौराहा होते हुए इलाहाबाद बैंक चौराहा तक निकाली गई, जिसमें लोगों को गौरैया संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर “मानवता के लिए एक कदम” संस्था, “संस्कार की पाठशाला” एवं झांसी वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ए.के. जैन ने बताया कि गौरैया की घटती संख्या को देखते हुए वर्ष 2008 से इसके संरक्षण हेतु प्रतिवर्ष “विश्व गौरैया दिवस” मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता अभियानों के चलते अब गौरैया की संख्या में 25-30 प्रतिशत तक वृद्धि देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को लगभग 200 घोंसले वितरित किए गए तथा उन्हें अपने घरों, छतों और बाग-बगीचों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। अपने संबोधन में श्री जैन ने बताया कि कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग, आधुनिक भवन निर्माण शैली तथा मोबाइल और टीवी टावरों से निकलने वाला विकिरण गौरैया के अस्तित्व के लिए खतरा बन रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में दाना-पानी की व्यवस्था कर इस छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पक्षी प्रजाति के संरक्षण में सहयोग करें। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ समाजसेवी हरि परिहार, पेंशनर्स एसोसिएशन ऑफ रेलवेज के मंडल अध्यक्ष ओ.पी. भटनागर, मंडल सचिव पी.के. श्रीवास्तव, रामपाल, आर.के. देवगनिया, आर्यन, रॉबिन हुड आर्मी से शिवा नगायच, देवेंद्र कुशवाहा, मीना तथा “मानवता के लिए एक कदम” संस्था के अध्यक्ष जगमोहन बडोनिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।