प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, 1.92 लाख किसानों के खातों में पहुँचे 38.53 करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, 1.92 लाख किसानों के खातों में पहुँचे 38.53 करोड़ रुपये

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-03-13 News
झांसी। देश के किसानों के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त जारी करते हुए नरेंद्र मोदी ने असम से एक बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की। इसके साथ ही जनपद के 1,92,668 किसानों के खातों में कुल 38 करोड़ 53 लाख रुपये की धनराशि पहुंच गई। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। साथ ही जनपद के सभी विकासखंड सभागार, पंचायत भवन, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, सहकारिता विभाग की मंडियों, कृषक उत्पादन संगठन के कार्यालयों तथा कृषि विज्ञान केंद्रों पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सदस्य विधान परिषद श्रीराम तीर्थ सिंघल ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2019 से यह योजना लगातार किसानों के लिए सहायक सिद्ध हो रही है। इस योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की धनराशि तीन किस्तों में प्रदान की जाती है, जिससे उनकी छोटी-मोटी कृषि व दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना के अंतर्गत हर चार महीने में 2000 रुपये की तीन समान किस्तों में धनराशि दी जाती है। आज जारी की गई 22वीं किस्त के तहत जनपद के कुल 1,92,668 किसानों को 38.53 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के किसानों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया जाएगा, जिससे वे 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर जनपद के प्रगतिशील किसानों के साथ विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुशवाहा, श्री लल्ला सिंह, श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, श्री अनिल कुमार, उप कृषि निदेशक तथा जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।