
आईजीआरएस रैंकिंग में झांसी परिक्षेत्र लगातार 11वीं बार प्रथम, आईजी आकाश कुलहरि ने टीम को किया सम्मानित
झाँसी । मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) की माह फरवरी 2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट जारी होने पर झांसी परिक्षेत्र ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि झांसी परिक्षेत्र को लगातार 11वीं बार हासिल हुई है। पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के कुशल निर्देशन में आईजीआरएस/समाधान पोर्टल पर फरवरी 2026 में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का शासन की मंशा के अनुरूप नियत समय में विधिक निस्तारण किया गया। इसी के आधार पर जारी रैंकिंग में झांसी परिक्षेत्र को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला। विशेष बात यह रही कि परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जनपद झांसी एवं जालौन ने भी आईजीआरएस रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर आईजी आकाश कुलहरि ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आईजी ने प्रभारी आईजीआरएस/सीसीटीएनएस उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोऑर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेन्द्र प्रताप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए श्रीमती प्रियंका गुप्ता, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार (जनपद जालौन) तथा महिला आरक्षी कु. किशोरी (जनपद झांसी) को भविष्य में बेहतर कार्य के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आईजी ने परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रणाली से प्राप्त शिकायतों का उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शासन की मंशानुरूप उनका विधिक समाधान किया जाए, ताकि आमजन में पुलिस की उत्कृष्ट छवि, निष्पक्ष कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता की भावना और मजबूत हो सके।