
गाजियाबाद में पारस्परिक भोजपुरी-मैथिल फगुआ संगीत समागम सम्पन्न
गाजियाबाद। चैत्र माह और होली के उल्लास के बीच “चैत्र का रंग गाजियाबाद पुलिस के संग” थीम पर पारस्परिक भोजपुरी-मैथिल फगुआ संगीत समागम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुरबिया जन कल्याण परिषद द्वारा गाजियाबाद में किया गया, जिसमें सांस्कृतिक उत्साह और पारंपरिक फगुआ गीतों की रंगत देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त गाजियाबाद केशव चौधरी (आईपीएस) रहे। आयोजन की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद की भक्ति महिमा का गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि केशव चौधरी ने कहा कि होली रंगों और आपसी भाईचारे का त्योहार है, जिसमें सभी लोगों को एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशी और सौहार्द के साथ पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सहित मंचासीन अतिथियों को अविर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक अंदाज में फगुआ गीतों के साथ उत्सव मनाया। अंत में संस्था के राष्ट्रीय महासचिव पंडित राकेश शंकर तिवारी ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सहयोग देने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया। रिपोर्ट दृ ओमप्रकाश उदैनियां राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, पत्रकार एकता संघ