झांसी मंडल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश

झांसी मंडल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-03-06 News
झांसी। अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी मंडल डॉ. सुमन की अध्यक्षता में मंडलीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि होली और रमजान के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने गृह नगर लौटते हैं। ऐसे में यदि उनके आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड नहीं बने हैं, तो स्वास्थ्य कर्मी उनसे संपर्क कर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तेज करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। बैठक में मातृ मृत्यु समीक्षा पर भी गंभीर मंथन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की समय रहते पहचान कर गर्भवती महिलाओं को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए, जिससे जटिलताओं और मातृ मृत्यु के मामलों को रोका जा सके। इसके साथ ही नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण कार्यक्रमों और अन्य जनस्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एनएचएम के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों और वित्तीय स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने उन बिंदुओं को भी रेखांकित किया, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 4D (जन्म दोष, रोग, पोषण की कमी एवं विकास में विलंब) से प्रभावित बच्चों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि चिन्हित बच्चों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा बैठक में वित्तीय प्रगति, ओपीडी, आईपीडी तथा सर्जरी से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न स्तरों के अधिकारी, प्रबंधक तथा विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।