पटना व दिल्ली में सवर्ण न्याय महासम्मेलन की तैयारी तेज, 22 फरवरी व 8 मार्च को जुटेंगे प्रतिनिधि

पटना व दिल्ली में सवर्ण न्याय महासम्मेलन की तैयारी तेज, 22 फरवरी व 8 मार्च को जुटेंगे प्रतिनिधि

Written by Prem Prakash Agarwal 2026-02-17 News
रांची। अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा ने शिक्षा एवं नीतिगत मुद्दों को लेकर देशव्यापी स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव सुनील कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी को पटना स्थित विद्यापति भवन में “सवर्ण न्याय महासम्मेलन” आयोजित किया जाएगा, जबकि 8 मार्च को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का महासम्मेलन प्रस्तावित है। उन्होंने झारखंड, बिहार सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ के लोगों से बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उनके अनुसार, इन सम्मेलनों में शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, छात्रावास व्यवस्था और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से संबंधित हालिया नीतियों पर चर्चा की जाएगी। शिक्षा और नीतियों पर उठाए सवाल- सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं शैक्षणिक नीतियों में सवर्ण समाज के साथ समान अवसर का व्यवहार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं में व्यापक समीक्षा की आवश्यकता है। मोर्चा का कहना है कि यूजीसी से जुड़े कुछ प्रावधानों और दिशा-निर्देशों से समाज के एक वर्ग में असंतोष है, जिसे लेकर संगठन राष्ट्रीय स्तर पर विमर्श चाहता है। उन्होंने इसे “संवैधानिक अधिकारों और समान अवसर” से जुड़ा विषय बताया। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधियों की भागीदारी- संगठन के अनुसार, पटना और दिल्ली में होने वाले इन आयोजनों में विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रस्ताव पारित कर केंद्र व राज्य सरकारों को ज्ञापन सौंपने की भी योजना है। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे तथा इसका उद्देश्य अपनी मांगों को संगठित रूप से सरकार तक पहुंचाना है। आयोजकों का दावा है कि शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा कर भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।