
मेगा विधिक सेवा शिविर को लेकर NGOs संग समन्वय बैठक, 22 फरवरी को होगा आयोजन
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी में आगामी 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मेगा विधिक सेवा शिविर के सफल आयोजन हेतु विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष डीएलएसए श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय अपर जिला न्यायाधीश/नोडल अधिकारी शरद कुमार चौधरी ने की, जबकि सचिव प्रतीक त्रिपाठी ने बैठक का संचालन किया। नोडल अधिकारी ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं विधिक सहायता पहुँचाना विधिक सेवा संस्थाओं का उद्देश्य है। उन्होंने जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें शिविर से जोड़ने पर जोर दिया। सचिव प्रतीक त्रिपाठी ने कहा कि “न्याय सबके लिए” की परिकल्पना को साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित NGOs ने विधिक जागरूकता, प्रचार-प्रसार एवं वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने हेतु सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विभागों व सामाजिक संगठनों के समन्वय से शिविर को सफल बनाया जाएगा, ताकि अधिकतम नागरिक इसका लाभ उठा सकें।