
वायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर सीएमओ कार्यालय में समीक्षा बैठक सम्पन्न
झाँसी। जनपद में वायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने हेतु कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, झाँसी के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने की। बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सभी निजी चिकित्सालयों द्वारा बीएमडब्ल्यू (Biomedical Waste) बारकोड सिस्टम का प्रभावी रूप से अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए, जिससे वायोमेडिकल वेस्ट के संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण में पारदर्शिता बनी रहे। वायोमेडिकल वेस्ट हेतु आवश्यक वारकोडेड पॉलीथिन को सामान्य दरों पर शीघ्र उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन एमपीसीसी के प्रतिनिधि श्री शैलेन्द्र बाजपेयी द्वारा दिया गया। वहीं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री इमरान अली ने समस्त अस्पतालों को ईटीपी (Effluent Treatment Plant) को सुचारु रूप से संचालित करने के सुझाव दिए तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इसके महत्व एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने जनपद में वायोमेडिकल वेस्ट के समुचित पृथक्करण एवं निस्तारण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एमपीसीसी को वेस्ट उठाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी वायोमेडिकल वेस्ट डॉ. अंशुमान तिवारी ने कहा कि अस्पतालों में कार्यरत सभी नए कर्मचारियों को वायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की पूर्ण जानकारी देना अनिवार्य किया जाए। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. जैन, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत स्वर्णकार, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. उत्सव राज, विनोद कुमार मौर्य, बृजकिशोर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन झाँसी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद गुप्ता, नर्सिंगहोम एसोसिएशन झाँसी के अध्यक्ष डॉ. राजीव त्रिपाठी, प्राइवेट लैब एसोसिएशन झाँसी के अध्यक्ष डॉ. बी.के. गुप्ता तथा नर्सिंगहोम एसोसिएशन झाँसी के सचिव डॉ. मुकेश नजा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।