
समरसता के प्रतीक मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी भोज का आयोजन
झांसी। भारतीय मजदूर संघ द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश के कार्यालय झांसी में सनातन हिंदू धर्म के छह प्रमुख पर्वों में से एक, समरसता का संदेश देने वाले मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर संगोष्ठी एवं खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामपाल सिंह मुख्य अतिथि, आनंद कुमार सक्सेना विशिष्ट अतिथि तथा मैथिली शरण मुद्गिल अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी का संचालन जिला मंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने किया। वक्ताओं ने सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण में प्रवेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में समरसता, सौहार्द एवं भाईचारे की भावना जागृत करने पर बल दिया। महेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में विभिन्न धर्मों, जातियों और भाषाओं के लोग निवास करते हैं। सामाजिक सद्भाव के अभाव में समाज में विभाजन और संघर्ष की आशंका बनी रहती है, जो देश की प्रगति में बाधक है। प्रांतीय मंत्री एडवोकेट अजय कुमार सक्सेना ने आपसी मेल-मिलाप के माध्यम से भाईचारे को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। संत प्रकाश वर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुखमय बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवाओं से परिवार के बुजुर्गों की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। आनंद कुमार सक्सेना ने वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में दी जाने वाली रियायतें पुनः बहाल किए जाने तथा रोडवेज बसों में भी किराये में छूट दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई। गोविंद सोनी ने संगठन विस्तार पर बल दिया। संगोष्ठी में विजय छत्रसाल, आर.के. वर्मा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष कुसुम साहू, मोहन सिंह, कृष्ण प्रसाद पांडे, गोविंद सोनी, आर.के. सोनी, राम बिहारी सोनी, नारायण सिंह यादव, विजय कुमार वर्मा, रेहू सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संगोष्ठी के उपरांत खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। साथ ही आने-जाने वाले राहगीरों को भी खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश महामंत्री संत प्रकाश वर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।