
गुणवत्ता पर डीएम सख्त, सड़कों के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने सोमवार को जनपद में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता,मोटाई और तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की। कुछ स्थानों पर आरसीसी में दरारें और सड़क के स्लोप में खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अभियंताओं को सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने सैदनगर से अक्षरा देवी माता मंदिर तक 2 करोड़ रुपये, एट–कोटरा मार्ग पर 35 करोड़ रुपये तथा उरई–कोंच–नदीगांव मार्ग पर 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कॉम्पेक्शन, बेस लेयर और आरसीसी स्ट्रक्चर पूरी तरह मानक अनुसार होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखें। उन्होंने सड़क की परतों की मजबूती जांचने के लिए बीच-बीच में काटकर परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड अमित सक्सेना, अधिशासी अभियंता शैलेंद्र राजपूत समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)