हथनौरा में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

हथनौरा में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-10-11 News
जालौन। जनपद जालौन के हथनौरा गांव में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों में 16 वर्षीय किशोरी मोना और उनके 70 वर्षीय दादा शिवकुमार शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, हथनौरा निवासी परिवार के सदस्य दीपू दिल्ली में कार्यरत हैं। परिवार में पिता शिवकुमार (70), माता सुशीला (65), बहन सुनीता, बेटी मोना (16) और बेटा तरुण (14) हैं। गुरुवार रात मोना को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। परिवार ने स्थानीय डॉक्टर से उपचार करवााया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह शौचालय में मोना बेहोश मिली और कुछ ही समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। मोना की मृत्यु के कुछ ही देर बाद उनके दादा शिवकुमार की भी तबियत बिगड़ गई। उन्हें भी उल्टी-दस्त की शिकायत थी और वह भी दम तोड़ बैठे। गंभीर स्थिति में पौत्र तरुण को उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से स्थिति की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग के स्पष्ट लक्षण नहीं मिले हैं, हालांकि उल्टी-दस्त की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजी गई है। टीम पानी, भोजन और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने गांववासियों से सतर्क रहने और संदिग्ध भोजन या पानी के सेवन से बचने की सलाह दी है। इस दुखद घटना ने हथनौरा गांव में गंभीर चिंता और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)