
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन किशोर का लिया हाल, चिकित्सीय व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण
उरई। चुर्खी थाना क्षेत्र के हथनौरा गांव में एक ही परिवार के कुछ सदस्यों के अचानक अस्वस्थ होने की सूचना पर जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर वहां भर्ती किशोर की तबीयत का हाल जाना और अस्पताल की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उन्हें सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। चिकित्सकों ने जिलाधिकारी को बताया कि किशोर की हालत अब पूरी तरह स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने परिजनों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, पीडियाट्रिक वार्ड सहित अन्य विभागों में जाकर स्वच्छता, दवा वितरण और मरीजों की देखभाल व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)