किसानों को मिलेगा समय पर व उचित मूल्य पर उर्वरक, जिलाधिकारी ने किया समितियों व दुकानों का औचक निरीक्षण

किसानों को मिलेगा समय पर व उचित मूल्य पर उर्वरक, जिलाधिकारी ने किया समितियों व दुकानों का औचक निरीक्षण

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-10-11 News
जालौन। रबी सीजन के लिए किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जनपद में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और जिला कृषि अधिकारी ने विभिन्न सहकारी समितियों व निजी उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी स्वयं भी निरीक्षण अभियान में शामिल हुए और कुकरगांव बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड समेत जालौन नगर स्थित पंकज ट्रेडर्स (1800 बोरी डीएपी), प्रमीणा ट्रेडर्स (1800 बोरी डीएपी) तथा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र (1350 बोरी डीएपी-एनपीके) का निरीक्षण किया। सभी दुकानों पर उर्वरक का पर्याप्त भंडार पाया गया। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दर सूची प्रमुख स्थान पर अवश्य चस्पा करें, ताकि किसानों को मूल्य की स्पष्ट जानकारी रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि सरकारी समितियों और निजी दुकानों दोनों पर एक ही ब्रांड की डीएपी और एनपीके 1350 रुपए प्रति बोरी की समान दर पर उपलब्ध है। किसानों से अपील की गई कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि कहीं भी ओवररेटिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 1 लाख 20 हजार बोरी डीएपी उपलब्ध है तथा रविवार तक एक और रैक से 56 हजार बोरी और प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर किसान को समय पर, पारदर्शी व्यवस्था के तहत और उचित दर पर उर्वरक मिले, ताकि रबी की बुवाई निर्बाध रूप से हो सके। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)