ग्राम रक्सा में आयोजित होगा निःशुल्क स्त्री रोग शिविर

ग्राम रक्सा में आयोजित होगा निःशुल्क स्त्री रोग शिविर

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-10-11 News
झांसी । महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत रक्सा, राजापुर रोड (विकासखंड बबीना, जनपद झांसी) में दिनांक 12 अक्टूबर 2025, दिन रविवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निःशुल्क स्त्री रोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का संचालन प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. साक्षी श्रीवास्तव द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बांझपन की समस्या, बच्चेदानी में गांठ, अंडाशय (Ovary) में सिस्ट, ट्यूब ब्लॉक, नसबंदी, गर्भाशय हटाने से संबंधित जटिलताएं, एवं महिला स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं का निवारण किया जाएगा। डॉ. साक्षी श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस शिविर में आने वाली महिलाओं को निःशुल्क परामर्श के साथ-साथ संबंधित जाँचें जैसे — सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड), ब्लड टेस्ट आदि भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, आवश्यकता अनुसार दवाओं का वितरण भी निःशुल्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी कई महिलाएँ झिझक या जानकारी के अभाव में स्त्री रोग से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य जटिलताएँ उत्पन्न हो जाती हैं। ऐसे में यह शिविर उनके लिए वरदान साबित होगा। डॉ. साक्षी श्रीवास्तव ने कहा कि “इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सटीक परामर्श और सही इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें।” डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की है तथा सर गंगाराम हॉस्पिटल, नई दिल्ली से फेलोशिप इन ए.आर.टी. (Infertility) और फेलोशिप इन एंडोस्कोपिक सर्जरी प्राप्त की है। वे महिलाओं की निसंतानता, हार्मोनल असंतुलन और गर्भाशय संबंधी रोगों के क्षेत्र में विशेष अनुभव रखती हैं। शिविर में क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। आयोजकों ने सभी ग्रामीण महिलाओं और निसंतान दंपतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएँ। 🗓 तारीख: 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) 🕙 समय: प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक 📍 स्थान: ग्राम पंचायत रक्सा, राजापुर रोड, विकासखंड बबीना, झांसी 👩‍⚕️ आयोजक: डॉ. साक्षी श्रीवास्तव, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ