भव्यता, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ श्री चंद्रप्रभु जिनालय का विमानोत्सव एवं कलशाभिषेक

भव्यता, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ श्री चंद्रप्रभु जिनालय का विमानोत्सव एवं कलशाभिषेक

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-10-07 News
झाँसी। जैन समाज के पर्यूषण पर्व के पावन अवसर पर झाँसी स्थित श्री चंद्रप्रभु जिनालय में विमानोत्सव एवं कलशाभिषेक का आयोजन बुधवार को अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समाज के हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिनालय के अध्यक्ष श्री संतोष चंद्र जैन ने बताया कि पर्यूषण पर्व समापन के उपरांत हर वर्ष की भांति इस बार भी विमानोत्सव का आयोजन विशेष रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधासागर जी के चित्र अनावरण से हुई, जिसका शुभारंभ समाज के वरिष्ठ सदस्य सुभाष जैन ने किया। दीप प्रज्ज्वलन का शुभ कार्य सी.ए. रूपाली जैन एवं शशांक जैन द्वारा संपन्न हुआ। इसके उपरांत मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के महिलाएं, पुरुष, बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से किया गया। इसकी प्रथम प्रस्तुति दर्शिता जैन (पुत्री सी.ए. दीपक जैन) द्वारा दी गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद जैन पाठशाला के विद्यार्थियों ने भी मनमोहक मंगलाचरण प्रस्तुत कर सभी का हृदय जीत लिया। पाठशालाओं के संचालन में लगी शिक्षिकाएँ कृ रूपल जैन, विनीता जैन, ज्योति जैन, अंकिता जैन एवं प्रगति जैन ने बताया कि वे बीते दो वर्षों से बच्चों को निःशुल्क जैन धर्म शिक्षा प्रदान कर रही हैं, जिससे नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों और मूल्यों का विकास हो सके। कलशाभिषेक का पावन अवसर आदेश, विष्णु, प्रभात, सौरभ और नीलेश को प्राप्त हुआ। इस दौरान पूरे वातावरण में ‘‘जय जिनेंद्र’’ और ‘‘वर्धमान महावीर स्वामी की जय’’ के जयघोष गूंजते रहे। मीडिया प्रभारी सी.ए. दीपक जैन ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मनीक जैन तथा वरिष्ठ समाजसेवी श्री अशोक जैन (भावना होटल) को समाज में उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में श्री कमल जैन (लोकपथ) ने उन्हें शाल और स्मृति चिह्न प्रदान किया। इसी प्रकार, मेडिकल में चयन की सफलता प्राप्त करने वाली अंवनी जैन को भी पूर्व महामंत्री श्री राजीव जैन (अहिंसा) द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन महामंत्री अमित जैन (सोनू) द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया गया। आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष श्री रविंद्र कुमार जैन ने किया और सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य जनों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. प्रदीप जैन, राजेश जैन, सुधीर जैन, अशोक जैन, पदम चंद्र, बृजेन्द्र जैन, प्रदीप जैन (छतरपुर), विनोद जैन, कैलाश जैन, वर्धमान गुप्ता, प्रदीप अलोक, डॉ. जिनेंद्र, डॉ. जयेश (विश्व परिवार), विनोद ठेकेदार, राहुल, संकेत जैन, निशांत, अर्पित, राजकुमार, अभिजीत, आदर्श, निर्मल, अनुराग, तरुण जैन, पिदुम जैन (लोकपथ) सहित अनेक समाजसेवी व श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक मंगल पाठ के साथ समस्त श्रद्धालुओं ने जैन धर्म के सिद्धांतों का पालन करने और समाज सेवा में सहयोग देने का संकल्प लिया। यह भव्य आयोजन जैन समाज की सामाजिक एकजुटता, धार्मिक आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है।