
केंद्र सरकार की जालौन को बड़ी सौगात : उरई (बडेरा) में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय
जालौन। शिक्षा के क्षेत्र में जनपद जालौन के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने पूरे देश में 57 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना की घोषणा की है, जिसमें जालौन जनपद का नाम भी शामिल है। जनपद मुख्यालय उरई के बडेरा मौजा में नया केंद्रीय विद्यालय स्थापित किया जाएगा। इस निर्णय के साथ ही अब जालौन और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगी। लंबे समय से जालौन में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस दिशा में वर्ष 2017 से ही लगातार प्रयासरत सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज यह सपना साकार हो पाया है। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से जिले के हजारों विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा का अवसर मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। शिक्षा के क्षेत्र में यह कदम जालौन को एक नई दिशा देने वाला साबित होगा और जिले को शैक्षणिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)