एक ही परिवार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत का माहौल

एक ही परिवार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत का माहौल

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-10-04 News
जालौन। जिले के कुदकपुरा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। महज पाँच दिनों के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं की सांप के डसने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में डर और अफरातफरी का माहौल है। पहला हादसा 30 सितंबर को हुआ, जब पिंटू प्रजापति की पत्नी आरती (30 वर्ष) को सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्द से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि 4-5 दिन बाद ही उसी परिवार की कृष्णा कुमारी (35 वर्ष) को भी सांप ने काट लिया। अफसोस की बात यह रही कि झाड़-फूंक में कीमती समय गंवाने के बाद जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों महिलाओं के निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनके पीछे छोटे-छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। गांव में अब दहशत का आलम है कृ लोग ज़मीन पर सोने से डर रहे हैं, बच्चे और महिलाएँ घर से बाहर निकलने में भी घबराते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सांप पकड़ने वाली टीम तुरंत भेजी जाए और गांव में छिड़काव कराया जाए। यह कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले एक महीने में ही जालौन जिले में दर्जनभर से ज्यादा लोग सांप के डसने का शिकार हो चुके हैं। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)