
मिशन शक्ति अभियान की सफलता में समाज कार्य की महत्वपूर्ण भूमिका – प्रीति त्रिपाठी
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने अपने क्षेत्रीय कार्य के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण कर वहाँ की कार्यप्रणाली एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर झांसी की केंद्र प्रबंधक प्रीति त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समाज में जागरूकता फैलाना और नागरिकों को उनके अधिकारों से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास के माध्यम से उनके सशक्तिकरण की दिशा में सतत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, "मिशन शक्ति अभियान की सफलता में समाज कार्य की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी स्वयं जागरूक होकर समुदाय के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। सुरक्षा और सम्मान हर नारी की पहचान है, और इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर समन्वित प्रयास करने होंगे।" समाज कार्य विभाग के क्षेत्रीय कार्य समन्वयक डॉ. मुहम्मद नईम ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को समुदाय से जोड़ने का माध्यम बनें, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके और वे संतुष्टिपूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कार्य सुपरवाइजर श्रीमती गुंजा चतुर्वेदी, वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर अर्चना, काउंसलर प्रियंका, नेहा शर्मा, महिला आरक्षी प्रजेश सिंह, अनीता, विजय देवी, राजेश कुमार (एडवोकेट), वैशाली प्रजापति, ब्रजेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।