
नवरात्रि पर्व को लेकर एसपी जालौन ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
जालौन । नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने आज जनपद में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसी क्रम में उन्होंने थाना कोटरा क्षेत्रान्तर्गत स्थित प्रसिद्ध रक्त दन्तिका मंदिर एवं अछर्रा देवी मंदिर पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था में शिथिलता नहीं होनी चाहिए और सभी कर्मी पूरी मुस्तैदी एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)