
मिशन शक्ति के तहत रोडवेज डिपो में किया गया सम्मानित एआरएम और केंद्र प्रभारी ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला
उरई,जालौन। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति-5 के अंतर्गत मंगलवार को रोडवेज डिपो में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रोडवेज में सेवाएं दे रहीं महिला परिचालकों को एआरएम और केंद्र प्रभारी ने सम्मानित किया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) केके आर्य ने कहा कि महिला शक्ति मिशन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। रोडवेज की महिला परिचालक इस दिशा में प्रेरणास्त्रोत हैं जो न सिर्फ कार्यस्थल पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं, बल्कि समाज में भी महिलाओं के आत्मविश्वास की मिसाल पेश कर रही हैं। वे प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाती हैं। यह कार्य न केवल साहस और लगन का परिचायक है, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को भी नई पहचान दिलाता है। रोडवेज की मिशन शक्ति-5 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है। केंद्र प्रभारी अनुपम तिवारी ने कहा कि आज महिलाएं किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मिशन शक्ति से महिलाओं को और अधिक सम्मान मिला है। सम्मानित महिला परिचालकों मोहिनी कुशवाहा, नुजहत नाज, कालिंद्री, नीता, मांडवी, रिनकुन, सुनीता, आकांक्षा आदि ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि मिशन शक्ति जैसी पहल से उन्हें नई ऊर्जा और पहचान मिली है। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)