दशहरा व मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी व एसपी ने किया स्थलों का निरीक्षण

दशहरा व मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी व एसपी ने किया स्थलों का निरीक्षण

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-30 News
उरई (जालौन): आगामी दशहरा पर्व एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सोमवार को ब्लॉक डकोर क्षेत्र के ग्राम चिल्ली तालाब, उरई एवं धनु तालाब मैदान, कौंच पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संभव हो सके। उन्होंने कहा, “श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियाँ पूर्ण करें।” वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना सिंह, उप जिलाधिकारी कौंच ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)