महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज एवं जनपद ने एक और उपलब्धि की हासिल

महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज एवं जनपद ने एक और उपलब्धि की हासिल

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-29 News
झाँसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. नीरज कुमार बनौरिया ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक और चिकित्सा कार्यों से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अमेरिकन कॉलेज ऑफ सर्जन्स (FACS) की प्रतिष्ठित फैलोशिप के लिए चयनित किया गया है। डॉ. बनौरिया ने सोमवार को जिलाधिकारी मृदुल चौधरी से मुलाकात कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने अमेरिकन कॉलेज ऑफ सर्जन्स की फैलोशिप के लिए आवेदन किया था। सभी आवश्यक दस्तावेज़ और प्रक्रियाएँ पूरी करने के बाद मई माह में अमेरिकन कॉलेज ऑफ सर्जन्स की डॉक्टर्स कमेटी द्वारा उनका इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद 10 जून 2025 को ईमेल के माध्यम से उन्हें सूचित किया गया कि वे फैलोशिप के लिए चयनित हो गए हैं। उन्हें अब 04 से 07 अक्टूबर 2025 के बीच शिकागो (अमेरिका) में होने वाले कॉन्वेंशन में शामिल होकर यह प्रतिष्ठित फैलोशिप प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने डॉ. बनौरिया को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह न केवल महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के लिए गौरव की बात है, बल्कि झाँसी और उत्तर प्रदेश के लिए भी सम्मान का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. बनौरिया भविष्य में भी चिकित्सा क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करते रहेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। डॉ. बनौरिया को इस उपलब्धि पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने भी शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पाण्डेय, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, आशी हेल्थ टेक के मैनेजिंग डायरेक्टर समर्थ दीक्षित सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।