
मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिया प्रशिक्षण बीएलओ व सुपरवाइजरों को घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश
उरई (जालौन)। लोकतंत्र की बुनियाद को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान को गति दे दी है। इसी क्रम में सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची की सटीकता और त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। यदि सूची सही होगी तो चुनाव भी निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न होंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुपरवाइजर और बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के नाम समय पर हटाए जाएं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, और संशोधन/स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही आमजन को इन प्रपत्रों और निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सुविधाओं के प्रति भी जागरूक किया जाए, जिससे लोग आसानी से आवेदन कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को फील्ड सत्यापन, पर्यवेक्षण व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दी गई। डीएम ने कहा कि “लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और टीम भावना से कार्य करें।” इस अवसर पर उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)