
हिंदू–मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करने वालों को एसपी ने किया सम्मानित
कोंच। धार्मिक आयोजनों में शांति और सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए मारीच वध मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही निगरानी समिति ने बेहतरीन कार्य किया। समिति के अनुशासित और समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि "कोंच की गंगा–जमुनी तहज़ीब और हिंदू–मुस्लिम एकता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। यहां के लोग मिलजुलकर रहने और मिलकर काम करने का जो उदाहरण पेश करते हैं, वह सामाजिक सौहार्द का वास्तविक संदेश देता है।" हर वर्ष रामलीला कमेटी द्वारा मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक विशेष निगरानी समिति गठित की जाती है। इस वर्ष समिति की कमान अध्यक्ष एडवोकेट अफजाल खान और मंत्री राहुल राठौर ने संभाली। समिति में अब्दुल रज्जाक अंसारी, फारूख पहलवान अंसारी, असगर चौधरी, सोएब खान, रज्जाक कुरैशी, महबूब अंसारी और सलीम अंसारी पहलवान जैसे सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन के दौरान अपनी जिम्मेदारी को निष्ठा और सजगता से निभाया। इस अवसर पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, धर्मादा रक्षिणी सभा अध्यक्ष विजय गुप्ता, रामलीला समिति कोषाध्यक्ष दिलीप अग्रवाल और उपाध्यक्ष संजय सोनी भी उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों को पट्टिका और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)