कालपी में बड़ी कार्रवाई: मुख्य बाजार में मिला अवैध बारूद का जखीरा

कालपी में बड़ी कार्रवाई: मुख्य बाजार में मिला अवैध बारूद का जखीरा

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-27 News
कालपी (जालौन)। नगर के मुख्य बाजार टरननगंज में पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध बारूद का जखीरा बरामद किया। यह बारूद घनी बस्ती के बीच स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से रखा गया था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस के अनुसार, यह गोदाम लाइसेंसधारक अब्दुल आमिर का है। हालांकि उनके पास वन विभाग में दुकान संचालन का लाइसेंस है, लेकिन उन्होंने नियमों का उल्लंघन करते हुए गुपचुप तरीके से बाजार के बीच गोदाम बनाकर बारूद का भंडारण किया हुआ था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में न तो अग्निशमन यंत्र मौजूद थे और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इससे आसपास के लोगों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सुरेश चंद्र, हमराही अभिषेक और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके से बरामद सारा बारूद जब्त कर थाने में जमा कराया। पुलिस ने बताया कि मामला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए जांच तेज कर दी गई है। साथ ही गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है और संबंधित विभागों को भी जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कदम उठाया गया, वरना यह अवैध बारूद किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)