
जिलाधिकारी के निर्देश पर आटा टोल प्लाजा पर चलाया गया जागरूकता अभियान
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के अनुपालन में आटा टोल प्लाजा में एनएचएआई, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यातायात पुलिस और समाज सेवी संस्थानों के सहयोग से चालकों/परिचालकों के स्वास्थ्य एवं मधुमेह (सुगर) परीक्षण की जाँच हेतु शिविर लगाया गया, जिसमें 49 चालकों/परिचालकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। उपस्थित समस्त चालकों, परिचालकों के स्वास्थ्य एवं मधुमेह (सुगर) की जाँच डा. अशोक कुमार (एम.ओ.), अभिषेक प्रनामी (एल.टी.) द्वारा की गयी, जिसमें 04 चालकों, परिचालकों की शुगर बढ़ी हुई पायी गयी व 04 चालक, परिचालकों का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया जिनको चिकित्सीय परामर्श की सलाह दी गयी।साथ ही मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत आटा टोल प्लाजा पर जागरुकता अभियान चलाया गया, जिसमें अंचला यादव को एक दिन का एआरटीओ व हेमलता रायकवार को एक दिन का परियोजना निदेशक बनाया गया जिसमें इन दोनों महिलाओं द्वारा टोल का निरीक्षण किया गया व यथा आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही अंचला यादव व हेमलता रायकवार द्वारा सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन का संचालन करने वाले वाहन स्वामियों व बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन का संचालन करने वाले वाहन स्वामियों को फूल देकर हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग किये जाने हेतु प्रेरित किया गया तथा जो भी मौके पर हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग किये हुए वाहन संचालन करते हुए मिले उन्हें धन्यवाद दिया गया। उक्त कार्यक्रम में राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, बीर बहादुर सिंह (यातायात प्रभारी), उत्तम सिंह (परियोजना निदेशक) अंकेश श्रीवास्तव (मैनेजर-टोल प्लाजा), इरफान अहमद (ई.एच.एस-टोल प्लाजा), मंगलेश शर्मा (कोरिडोर आपरेशन), वेद प्रकाश तिवारी (एम.टी.एस.) मंगल सिंह (ई.एम.टी.), दिनेश प्रताप सिंह (ई.एम.टी.), अंकित कुमार, अरविन्द्र मिश्रा, हर्ष, महावीर तरसौलिया (समाज सेवी) की अहम भूमिका रही। राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल द्वारा शिविर में उपस्थित सभी जनों को सुरक्षित परिवहन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरुक किया गया तथा सभी से अपील की गयी कि वह वाहन चलाते समय हेलमेट/सीटेबेल्ट का प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलायें व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवर स्पीड में वाहन न चलायें, दुघर्टना में घायलों की सहायता करें, क्षमता से अधिक माल व सवारियाँ न ढ़ोयें। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि स्वस्थ्य शरीर एवम् सड़क सुरक्षा के नियमों की जागरुकता से ही सड़क दुघर्टनाओं में कमी लाई जा सकती है। साथ ही वाहनों को अपनी लाइन पर संचालित करने तथा वाहन को रोकते समय साइड इण्डीकेटर का प्रयोग कर सुरक्षित स्थान पर यात्रियों को उतारने, अनधिकृत तरीके से वाहन को ढ़ाबों पर खड़ी न करने एवम् यात्रियों को असुविधा न हो ध्यान में रखकर यात्रा कराये जाने की जानकारी देते हुए अपील की गयी। टोल प्लाजा मैनेजर द्वारा समस्त चालकों/परिचालकों से वाहन चलाते समय हेलमेट/सीट-बेल्ट का प्रयोग करने हेतु अपील की गयी व एन.एच.ए.आई. की सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। अन्त में उपस्थित सभी जनों को धन्यवाद देते हुये कार्यक्रम का समापन किया गया। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)