
उरई विकास प्राधिकरण में आयोजित हुआ मानचित्र निस्तारण एवं समाधान दिवस
उरई। जिलाधिकारी एवं उपाध्यक्ष उरई विकास प्राधिकरण राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर शुक्रवार को उरई विकास प्राधिकरण कार्यालय में मानचित्र निस्तारण एवं समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 48 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 4 नए शमन मानचित्र दाखिल किए गए, जबकि पहले से दाखिल 12 शमन मानचित्रों में ड्राइंग सुधार एवं भू-स्वामित्व से संबंधित अभिलेख प्राप्त किए गए। विभिन्न आपत्तियों के निस्तारण हेतु स्थलीय जांच और गणना कराए जाने के लिए अवर अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए। सत्र के दौरान कुल 15 वाद प्रकरणों की सुनवाई सचिव, उरई विकास प्राधिकरण परमानन्द यादव द्वारा की गई। इस अवसर पर प्राधिकरण अभियंता एवं पटल सहायक भी उपस्थित रहे। सचिव ने सभी निर्माणकर्ताओं और विकासकर्ताओं से अपील की कि वे उरई विकास प्राधिकरण क्षेत्राधिकार में किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कार्य प्रारंभ करें, अन्यथा उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कड़ी कार्यवाही की जाएगी। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)