
साइबर थाना प्रभारी ने छात्रों को साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक
उरई (जालौन)। आज सिद्धांत शॉर्टहैंड क्लासेस में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संयोजन संस्थान के डायरेक्टर गोपाल जी गुबरेले द्वारा किया गया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में साइबर थाना उरई के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार मौर्य उपस्थित रहे। प्रभारी निरीक्षक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता है। किसी भी अपरिचित लिंक को कभी न खोलें, अंजान व्यक्तियों से फोन पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति कॉल कर आपको भावनात्मक रूप से प्रभावित करने, डराने-धमकाने या लालच देकर धन की मांग करता है, तो तुरंत कॉल काट दें।” उन्होंने आगे कहा कि यदि सावधानी के बावजूद भी साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं, तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें। गोष्ठी के दौरान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं और साइबर सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर प्रभारी निरीक्षक ने दिया। कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश उदैनिया ने किया। इस अवसर पर साइबर थाना टीम से सब इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार, सब इंस्पेक्टर एंकास सिंह सर्वार, आरक्षी कृष्णवीर इंदौलिया, आरक्षी त्रिवेन्द्र प्रताप सिंह, महिला आरक्षी श्वेता सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। गोष्ठी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी जैसे कृ अभय पटेल, रामलला, अंकित, लक्ष्य, दीपिका, निर्मल, राजू, विशाल, शालिनी, प्रार्थना, हर्ष, हिमांशु, शिवानी, हर्षित नगाइच, भावना, सिद्धार्थ आदि उपस्थित रहे। रिपोर्ट- ओमप्रकाश उदैनिया ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी