डांडिया महोत्सव में नारी शक्ति को किया गया सम्मानित, डॉ. संदीप ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

डांडिया महोत्सव में नारी शक्ति को किया गया सम्मानित, डॉ. संदीप ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-25 News
झांसी। नवरात्रि पर्व के अवसर पर मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ़ झांसी द्वारा बस स्टैंड स्थित एक विवाह गृह में गरबा, डांडिया, म्यूजिक मस्ती और महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने एक-दूसरे को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक वेशभूषा में गरबा-डांडिया नृत्य कर उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बबीना विधायक की पत्नी कमली सिंह पारीछा, मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्या, एमएलसी रमा निरंजन, समाजसेविका डॉ. विजय राज, डॉ. संगीता सिंह, डॉ. संध्या कुशवाहा, शालिनी गुरबक्शानी, नगर निगम झांसी की उपसभापति प्रियंका साहू सहित कई गणमान्य महिलाएं शामिल रहीं। आयोजन समिति की सदस्य एवं अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला सिंह कुशवाहा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे देश में नवरात्रि उत्साहपूर्वक मनाई जा रही है। इसी क्रम में महिलाओं की प्रतिभा और योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस विशेष समारोह का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. संदीप सरावगी ने कहा, "नवरात्रि हमें यह सिखाती है कि शक्ति, साहस और आत्मविश्वास नारी का स्वाभाविक गुण है। समाज में महिलाओं को शिक्षा, अवसर और सम्मान देकर ही हम उन्हें उनके सपनों को साकार करने में सहयोग दे सकते हैं।" उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष सहयोग की घोषणा भी की। डॉ. सरावगी ने आगे कहा, "जैसे डांडिया नृत्य में सभी एक लय और उत्साह के साथ भाग लेते हैं, वैसे ही समाज में भी समानता, सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार होना चाहिए।" इस अवसर पर मधु कुशवाहा, गीता कुशवाहा, ज्योति कुशवाहा, उर्मिला कुशवाहा, शोभा कुशवाहा, राधा कुशवाहा, विनीता कुशवाहा, बबीता वी. राव, सीमा श्रीवास्तव, किरन जैन समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं। रिपोर्ट- राकेश कुमार झाँसी