
मिशन शक्ति 5.0 में नारी शक्ति ने संभाली कमान, मंच से लेकर नेतृत्व तक गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश
जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित मिशन शक्ति 5.0 का भव्य कार्यक्रम आज पूरी तरह नारी शक्ति को समर्पित रहा। मंच संचालन से लेकर नेतृत्व तक हर जिम्मेदारी महिलाओं ने बखूबी संभाली और अपने आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और प्रतिभा से समाज को नई दिशा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की भूमिका बबली देवी ने निभाई, वहीं प्रतीकात्मक पुलिस अधीक्षक बनीं सीमा। दोनों ने अपने प्रभावशाली और आत्मविश्वास से भरे संबोधन से उपस्थित छात्राओं और महिलाओं का उत्साह बढ़ाया और समाज में महिलाओं की भूमिका को और भी सशक्त बनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विधायक गौरीशंकर वर्मा, मूलचंद निरंजन और एमएलसी रमा निरंजन ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर महिलाओं की शक्ति, उनके योगदान और उनकी भूमिका को सलाम किया। महिलाओं और छात्राओं की भारी सहभागिता के बीच मिशन शक्ति 5.0 का यह आयोजन न केवल सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि यह भी साबित किया कि – नारी ही सशक्त भारत की असली पहचान है। यह कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और नेतृत्व क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक और सार्थक कदम साबित हुआ। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)