
जालौन में GST की बड़ी कार्रवाई : लाखों की सुपारी से भरा ट्रक जब्त, कर चोरी का रैकेट बेनकाब
जालौन। जनपद में कर चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कानपुर की जीएसटी कमिश्नर एकता सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आटा थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर लाखों रुपये की सुपारी से लदा एक ट्रक पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रक चालक वैध बिल-बावर्ची और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुपारी की यह खेप बिना कर चुकाए दूसरे राज्य में सप्लाई की जा रही थी। विभाग ने इस मामले में कर चोरी के रैकेट की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यापारी तथा सप्लायरों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पकड़ी गई सुपारी की कीमत लाखों रुपये में है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक मालिक और कारोबारी के खिलाफ जीएसटी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से कर चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में और भी छापेमारी की जा सकती है। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)