
जिला कारागार उरई में विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा साप्ताहिक निरीक्षण एवं विधिक शिविर आयोजित
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पँवार ने 23 सितम्बर 2025 को जिला कारागार उरई का साप्ताहिक भ्रमण किया और वहां विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। निरीक्षण के दौरान श्रीमती पँवार ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर निरुद्ध बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि जिन बंदियों की जमानत सक्षम न्यायालय से हो चुकी है, परंतु जमानतदार न होने के कारण वे रिहा नहीं हो पा रहे हैं, उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को प्रेषित करें, ताकि ऐसे बंदियों की प्रभावी पैरवी कर उन्हें शीघ्र रिहा कराया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों की जमानत जिला अधिकार प्राप्त समिति के माध्यम से राज्य की ओर से कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन बंदियों के पास निजी अधिवक्ता नहीं हैं या उनके मामलों की विधिवत पैरवी नहीं हो पा रही है, उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों की चिकित्सा, खान-पान और अन्य सुविधाओं की स्थिति भी जानी। निरीक्षण के उपरांत निःशुल्क विधिक सहायता एवं प्ली बार्गेनिंग विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिला जज/सचिव श्रीमती पारुल पँवार ने की। शिविर में असिस्टेंट-प्रथम एलएडीसी अभिषेक पाठक ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 39(ए) समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है। अनुच्छेद 14 और 22(1) भी कानून के समक्ष समानता और न्याय सुनिश्चित करने पर बल देते हैं। उन्होंने प्ली बार्गेनिंग की अवधारणा की जानकारी देते हुए बताया कि यह दलील सौदेबाजी की प्रक्रिया है, जो न्याय प्रणाली के समय और संसाधनों की बचत में सहायक होती है और इससे अभियोजन पक्ष तथा अभियुक्त दोनों को लाभ होता है। भारत में प्ली बार्गेनिंग की शुरुआत आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 2005 के माध्यम से की गई थी। शिविर में दर्जनों बंदियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कारापाल प्रदीप कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल बर्मन, उपकारापाल अमर सिंह और रामलखन सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक शुभम शुक्ला भी उपस्थित रहे। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)