व्यावसायिक कार्यों में निजी वाहनों के प्रयोग पर सख्ती, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

व्यावसायिक कार्यों में निजी वाहनों के प्रयोग पर सख्ती, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-23 News
जालौन। शासन के आदेशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल, ट्रैवेल एजेंसियां, कूरियर सेवाएं और अन्य व्यावसायिक संस्थान अपने कार्यों के लिए केवल वाणिज्यिक वाहनों का उपयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश के बावजूद कई संस्थान निजी वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं, जो पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक और प्रवर्तन अधिकारियों से कहा कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। यदि कहीं शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित सहायक परिवहन अधिकारी या प्रवर्तन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। सभी उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्र में ऐसे संस्थानों की नियमित जांच करें और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कदम केवल यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ही नहीं बल्कि कर व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भी आवश्यक है। रिपोर्ट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)