नवरात्रि में शराब और मांस की दुकानों को बंद करने की मांग

नवरात्रि में शराब और मांस की दुकानों को बंद करने की मांग

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-23 News
झांसी। सनातन धर्मावलंबियों की आस्थाओं का सम्मान करते हुए नवरात्रि के नौ दिनों में शराब और मांस की दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी झांसी द्वारा सोमवार को जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि जैसे गोरखपुर मंडल में नवरात्रि के अवसर पर शराब व मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाता है, वैसे ही पूरे प्रदेश में यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए ताकि धर्मावलंबियों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं धार्मिक व्यक्तित्व के धनी हैं और आस्थाओं का सम्मान करते हैं, इसलिए उनसे यह अपेक्षा और बढ़ जाती है कि धार्मिक पर्वों पर सामाजिक वातावरण पवित्र बनाया जाए। उन्होंने बताया कि भगवती मानव कल्याण संगठन पिछले 28 वर्षों से लोगों को नशामुक्त, मांसाहारमुक्त, जातिवाद और संप्रदायवाद से मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रहा है। संगठन अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ के माध्यम से समाज को संस्कारवान बनाने का अभियान चला रहा है, जिसके परिणामस्वरूप लाखों परिवारों में सकारात्मक परिवर्तन हुआ है। संगठन का मानना है कि यदि सरकार भी इस दिशा में नीति बनाती है तो समाज को और अधिक सशक्त और जागरूक किया जा सकता है। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन झांसी के जिलाध्यक्ष गोरीशंकर रायकवार, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी युवा मोर्चा झांसी के जिलाध्यक्ष उजेन्द्र पटेल, प्रवक्ता विकास शर्मा, चन्द्रप्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।