
उरई में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, बालाजी एंटरप्राइजेज से 1050 बोरी बरामद
उरई (जालौन) । जालौन जिले में किसानों के हित और शुद्ध उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने अवैध उर्वरक भंडारण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जालौन जिलाधिकारी को कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायत के आधार पर उप जिलाधिकारी उरई, कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चुर्खी रोड, विकास प्राधिकरण उरई के पीछे स्थित बालाजी एंटरप्राइजेज पर छापेमारी की। इस दौरान 1050 बोरी अवैध उर्वरक बरामद किए गए। मौके पर अधिकारियों ने संचालक से विस्तृत पूछताछ की। जांच में सामने आया कि संचालक के पास सभी बिल एवं अभिलेख मौजूद थे, लेकिन जिस स्थान के लिए लाइसेंस जारी किया गया था, वहां भंडारण न कर उर्वरक को अन्य स्थान पर रखा गया था। यह लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन माना जा रहा है। उप जिलाधिकारी सदर ने स्पष्ट कहा, “विक्रेता अवैध भंडारण न करें और केवल अपनी निर्धारित चौहद्दी में ही कार्य करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।” प्रशासन ने विक्रेता को नोटिस जारी कर सभी अभिलेख मांगे हैं और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों और अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष भी जिले में नकली और अवैध उर्वरक पकड़ने के कई मामले सामने आए थे। किसानों को धोखा न हो और उन्हें समय पर सही दर पर शुद्ध उर्वरक उपलब्ध हो, इसके लिए प्रशासन ने विशेष टीम का गठन किया है जो लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रही है। किसानों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा कि ऐसी कार्रवाई से उन्हें भरोसा मिलेगा कि उनकी फसल के लिए इस्तेमाल होने वाले उर्वरक शुद्ध और सुरक्षित हैं। जिला प्रशासन ने सभी विक्रेताओं को आगाह किया है कि नियमों का उल्लंघन नहीं किया जाए और किसानों के हित में सभी कार्य पारदर्शी रूप से किए जाएँ।