कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी की मुख्यमंत्री से मुलाकात, कुठौंद को नगर पंचायत का दर्जा देने का मिला आश्वासन

कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी की मुख्यमंत्री से मुलाकात, कुठौंद को नगर पंचायत का दर्जा देने का मिला आश्वासन

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-22 News
कालपी जालौन। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी कालपी एवं विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर विधायक विनोद चतुर्वेदी ने 20 सितम्बर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की अनेक जनहित से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने विधायक की प्रमुख मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कुठौंद को नगर पंचायत का दर्जा शीघ्र प्रदान करने का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री से कालपी में स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध सूर्य मंदिर तक सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर उसका निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के अन्य ऐतिहासिक स्थलों का सुंदरीकरण कराकर पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। यमुना नदी की बाढ़ से प्रभावित किसानों और आमजन को मुआवजा दिलवाने का मुद्दा भी विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इसके अतिरिक्त कालपी में यमुना नदी पर बैराज निर्माण कराने की भी मांग की, जिससे सिंचाई एवं जल संरक्षण की समस्या का समाधान हो सके। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)