जन-जन के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटीरू मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में निःशुल्क परामर्श, जांच व दवाएं उपलब्ध

जन-जन के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटीरू मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में निःशुल्क परामर्श, जांच व दवाएं उपलब्ध

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-21 News
उरई जालौन। मिशन शक्ति 5.0 के तहत रविवार को जनपद के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बघौरा, उमरारखेड़ा और काशीराम कॉलोनी स्थित केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद किया तथा रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबरों पर कॉल कर उपचार संबंधी फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों को आश्वस्त किया कि चिकित्सकों द्वारा बेहतर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है, और सभी आवश्यक दवाएं वहीं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि मरीजों को इधर-उधर भटकना न पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है, ताकि लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि हर आने वाले मरीज का संवेदनशीलता के साथ इलाज किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र देव शर्मा सहित संबंधित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने मरीजों को परामर्श, जांच और दवा उपलब्ध कराई। आरोग्य मेले के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शहर-शहर, गांव-गांव स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचें और जनता को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त हो। रिर्पाट- राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)