
बाइकर गैंग पर जालौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 का चालान, 7 वाहन सीज
जालौन। सड़क पर अराजकता और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ जालौन पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान बाइकर गैंग जैसे स्टंट कर रहे और बिना नियमों का पालन किए वाहन चला रहे युवकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 81 वाहनों का चालान कर ₹1,12,000 का जुर्माना वसूला, जबकि 7 वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कराया गया। इतना ही नहीं, 21 नाबालिग चालकों को पकड़कर उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया और चेतावनी दी गई कि आगे से इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रिपोर्ट - राजीव पोरवाल जिला संवाददाता उरई (जालौन)