
पुलिस वाहिनी झांसी में सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस मिशन आयोजित
झाँसी। नॉर्थ इंडिया गायनेकोलॉजिस्ट फ़ोरम, वामा सारथी पुलिस फैमिली एसोसिएशन एवं महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झाँसी के संयुक्त प्रयास से पुलिस वाहिनी झाँसी में सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस मिशन एवं सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती निवी मूर्ति ने समाज से “कैंसर फ्री सोसाइटी” बनाने का आव्हान किया। एन.आई.जी. उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष डॉ. हेमा शोभने ने कहा कि 9 से 14 वर्ष की आयु में बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए, जिससे सर्वाइकल कैंसर से बचाव संभव है। सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस कमेटी झाँसी की संरक्षक डॉ. राजकुमारी दुबे ने बताया कि यदि परिवार की महिला को कैंसर हो जाए तो लाखों रुपये खर्च होते हैं, जबकि जागरूकता से इसे रोका जा सकता है। संरक्षक डॉ. सविता दुबे ने कहा कि “जानकारी ही बचाव है” और इसे रोकना उनके जीवन का ध्येय है। कन्वीनर डॉ. नीरजा कपूर ने बताया कि स्क्रीनिंग से कैंसर की शुरुआती अवस्था को पकड़कर उसे 100% रोका जा सकता है। कन्वीनर डॉ. रजनी गौतम ने वैक्सीन को सुरक्षित और प्रभावी बताते हुए कहा कि इसके दुष्प्रभाव न के बराबर हैं। कोऑर्डिनेटर डॉ. लक्ष्मी जाटव ने कहा कि 35 और 45 वर्ष की आयु में दो बार स्क्रीनिंग कराना अत्यंत आवश्यक है। विभागाध्यक्ष डॉ. सी.पी. अग्रवाल ने कहा कि “नारी स्वस्थ होगी तो परिवार सशक्त होगा।” डॉ. प्रीति कैनाल ने संदेश दिया कि समय पर टीका व स्क्रीनिंग का महत्व हर घर तक पहुँचना चाहिए। श्रीमती पम्मी गुप्ता एवं श्रीमती रूबी सिंह ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मनु शुक्ला ने किया, वहीं डॉ. पूजा यादव एवं डॉ. आकांक्षा ने महिलाओं को परामर्श दिया। कैंप में 77 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण व पैप स्मीयर जांच की गई। महिलाएँ उत्साहित होकर अपनी समस्याएँ साझा करती रहीं और डॉक्टरों ने धैर्यपूर्वक समाधान दिए।