रेडियो बुंदेलखंड ने सामुदायिक विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका – मनीष समाधिया

रेडियो बुंदेलखंड ने सामुदायिक विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका – मनीष समाधिया

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-20 News
झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने ताराग्राम, ओरछा का क्षेत्रीय कार्य भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण कुटीर उद्योग, सामुदायिक सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भरता से जुड़ी गतिविधियों के साथ-साथ रेडियो बुंदेलखंड की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना था। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रेडियो बुंदेलखंड के प्रभारी मनीष समाधिया ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के सामुदायिक विकास में रेडियो बुंदेलखंड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्रामीण समस्याओं और कृषि संबंधी मुद्दों के समाधान में ताराग्राम की भूमिका उल्लेखनीय रही है। उन्होंने ताराग्राम की चालीस वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने हस्तशिल्प, कागज बनाने की प्रक्रिया, कागज से निर्मित वस्तुएँ तथा तारा ग्राम परियोजना की विभिन्न गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने कारीगरों से संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और आजीविका संबंधी चुनौतियों की जानकारी भी प्राप्त की। समाज कार्य विभाग के क्षेत्रीय कार्य समन्वयक डॉ. मुहम्मद नईम ने बताया कि इस प्रकार के क्षेत्रीय कार्य भ्रमण छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं और समाज की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराते हैं। विद्यार्थियों ने भी इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी व प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें सामाजिक कार्य और आजीविका संवर्द्धन के क्षेत्र में नई दृष्टि प्राप्त हुई। इस अवसर पर एमएसडब्ल्यू की छात्रा रूपा सहारिया ने बुंदेली मामुलिया एवं टेसू गीत प्रस्तुत किए, वहीं अभिषेक सिंह ने राष्ट्रभक्ति के गीत गाए जिन्हें रिकॉर्ड भी किया गया। डॉ. मुहम्मद नईम ने “मर्दानगी और पितृसत्ता के बदलते स्वरूप” विषय पर भी विचार साझा किए। कार्यक्रम में श्रीमती गुंजा चतुर्वेदी, जाग्रति, अंशिका त्रिपाठी, आस्था यादव, आस्था पाल, सुमित शर्मा, अभिषेक सिंह, नन्दनी, मोहित सिंह, सुमंत समाधिया, मोहम्मद तलहा, योगेन्द्र पाल सहित अनेक विद्यार्थी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।