वनों के महत्व पर चर्चा-परिचर्चा, विद्यार्थियों ने रखे अपने विचार

वनों के महत्व पर चर्चा-परिचर्चा, विद्यार्थियों ने रखे अपने विचार

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-09-14 News
उरई (जालौन)। विद्या भारतीय अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान से सम्बद्ध सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज छात्रावास में रविवार को “वन हमारे जीवन का आधार” विषय पर एक विचार गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस परिचर्चा में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और वनों के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वन विभाग से आए वन रक्षक राकेश कुमार यादव तथा वन प्रहरी मोहन प्रजापति ने छात्रों को वनों से होने वाले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, मृदा संरक्षण, वन्य जीवों की सुरक्षा और जीवन-यापन की अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। परिचर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। विशेष रूप से कक्षा 7 के छात्र रजनीश मिश्रा (खडौरा, झांसी) ने सबसे अधिक प्रश्न पूछे और सारगर्भित उत्तर दिए, जिसके लिए उन्हें प्रथम स्थान प्रदान किया गया। कक्षा 8 के छात्र सोम अडजरिया (खडौरा, झांसी) द्वितीय स्थान पर तथा कक्षा 8 के ही अनुराग गुप्ता (बांदा) तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा कक्षा 11 के राजदीप और कक्षा 12 के कृष्णा समाधिया ने भी अपने विचार प्रस्तुत कर चर्चा को रोचक बनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं छात्रावास अधीक्षक ओमप्रकाश उदैनियां ने की। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा। अंत में छात्रावास के सहायक अधीक्षक राधारमण द्विवेदी ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्रबंध समिति अध्यक्ष अरविन्द गौतम चच्चू, प्रबंध शरद शर्मा, कोषाध्यक्ष संदीप शर्मा एवं प्रधानाचार्य अतुल बाजपेयी भी उपस्थित रहे। इन्होंने विजयी छात्रों को बधाई दी और अतिथियों को साधुवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और विद्यार्थियों ने नारा लगाया – “वन हैं जीवन का आधार, करें इनका सदा सत्कार। रिपोर्ट - ओमप्रकाश उदैनियां उरई जालौन