
बुन्देलखण्ड निर्माण मोर्चा ने मण्डल आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
झाँसी । बुन्देलखण्ड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने झाँसी स्थित मण्डल आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यदि एक माह के भीतर झाँसी मण्डल में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं की जांच पूरी नहीं की जाती, तो मोर्चा मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन करेगा। ज्ञापन में प्रमुख आरोप व मांगें इस प्रकार रखी गईंकृ हाल ही में उत्तर प्रदेश विधान सभा के सभापति द्वारा सर्किट हाउस, झांसी परिसर में अवैध खनन का मुद्दा उठाया गया था, परंतु अवैध खनन में संलिप्त विभागों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही मण्डल में बालू, मुरम व गिट्टी की अवैध माइनिंग पर विभाग मौन हैं। हर घर जल योजना के तहत लगाए गए नल (टोटियाँ) की संख्या व उनकी खरीद का पूरा विवरण लिया जाए तथा इनकी जांच कराई जाए, क्योंकि अधिकारियों का यह कहना कि ष्लोगों ने टोटियाँ चुरा लींष् बुंदेलियों का अपमान है। झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किए गए सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कर जांच कराई जाए, क्योंकि महापौर स्वयं 300 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की बात कह चुके हैं। झांसी नगर निगम द्वारा पहले से ठीक सड़कों, डिवाइडरों व पाथवे को तोड़कर दोबारा निर्माण पर खर्च की जा रही धनराशि की जांच के लिए स्वतंत्र टीम गठित की जाए, जिसमें नगर निगम के अधिकारी शामिल न हों। उत्तर प्रदेश वन विभाग द्वारा 2023, 2024 व 2025 में किए गए वृक्षारोपण के आँकड़े संदिग्ध हैं, इनकी भी सख्त जांच की जाए। जिलाधिकारी द्वारा भी जियो-टैगिंग पर लगातार सवाल उठाए गए हैं। कैमासन पहाड़, जो राजस्व अभिलेखों में 55 एकड़ नजूल भूमि दर्ज है, की पैमाइश कर उसे संरक्षित किया जाए। झाँसी मण्डल में धड़ल्ले से चल रहे अवैध नर्सिंग होम्स, जिन्हें बिना फायर व्यवस्था, नक्शा पास, प्रदूषण बोर्ड की एनओसी व भूमि उपयोग प्रमाण पत्र के ही मान्यता दे दी गई है, उनकी भी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर इन सभी मुद्दों पर ठोस कार्रवाई व जांच पूरी नहीं होती है, तो संगठन मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागीय मंत्रियों के पुतले फूंककर विरोध करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मण्डल आयुक्त की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान रघुराज शर्मा, प्रदीप झा, गिरजा शंकर राय, हनीफ खान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।