
विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं: मा0 सभापति विधान परिषद उ0प्र0
झांसी। सभापति विधान परिषद, उ.प्र. कुंवर मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन भवन सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को अभिभावक वाहन उपलब्ध न कराएं, यह उनकी अहम जिम्मेदारी है। यदि इसके बावजूद कोई छात्र दोपहिया वाहन से विद्यालय आता है, तो इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन/प्रधानाचार्य की होगी। उन्होंने अधिकारियों को भी कर्तव्य बोध कराते हुए कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सबका दायित्व है। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा तय मानकों का अनुपालन स्कूली वाहनों में अनिवार्य है, जिसके लिए डीआईओएस, एआरटीओ और प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। उन्होंने सभी स्कूलों व कॉलेजों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति पर प्रतिदिन विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार जागरूक करने के बावजूद यदि कोई अभिभावक अपने नाबालिग बच्चे को दोपहिया वाहन देकर स्कूल भेजते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में चल रहे जागरूकता अभियानों की समीक्षा की जाएगी और रैंडम निरीक्षण के माध्यम से हकीकत जानी जाएगी। अभिभावकों से शत-प्रतिशत प्रमाणपत्र भरवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा। एआरटीओ हेमचन्द्र गौतम ने बताया कि विभाग द्वारा स्कूली वाहनों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिन वाहनों की आयु पूर्ण हो चुकी है, उनका पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। यदि ऐसे वाहन संचालन करते पाए गए तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, डीआईओएस श्रीमती रति वर्मा, बीएसए विपुल शिव सागर सहित जनपद के हाईस्कूल/इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।